KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। नंदीग्राम से हसीरानी रथ और रेजीनगर से शाश्वत सरकार को प्रत्याशी बनाया गया है। नंदीग्राम से हसीरानी रथ को टिकट दिए जाने के बाद इस सीट का मुकाबला खासा दिलचस्प हो गया है।
दिवंगत चंद्रनाथ रथ की मां हैं हसीरानी
भाजपा ने नंदीग्राम से हसीरानी रथ को मैदान में उतारकर राजनीतिक और भावनात्मक दोनों समीकरण साधने की कोशिश की है। हसीरानी रथ, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) रहे दिवंगत चंद्रनाथ रथ की मां हैं। हसीरानी रथ पूर्व में पंचायत सदस्य भी रह चुकी हैं और पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़ी रही हैं।
मई में हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या
चंद्रनाथ रथ की इसी वर्ष 6 मई की देर रात मध्यमग्राम के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया कि वह करीब पांच वर्षों से शुभेंदु अधिकारी के साथ काम कर रहे थे।
नंदीग्राम में मुकाबला होगा रोचक
नंदीग्राम पश्चिम बंगाल की बेहद महत्वपूर्ण राजनीतिक सीट मानी जाती है। ऐसे में भाजपा द्वारा चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ को प्रत्याशी बनाए जाने से चुनावी माहौल और गर्म होने की संभावना है। पार्टी के इस फैसले को स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और सहानुभूति के पहलू से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
रेजीनगर से शाश्वत सरकार को टिकट
भाजपा ने रेजीनगर विधानसभा सीट से शाश्वत सरकार को अपना उम्मीदवार बनाया है। दोनों सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही अब राजनीतिक दलों के बीच चुनावी तैयारियां तेज होने की उम्मीद है। उपचुनाव के नतीजे राज्य की आगामी राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।





































