BILASPUR NEWS. जेल से रिहाई के बाद फूल-मालाओं और जश्न ने जिन युवकों को फिर चर्चा में ला दिया था, अब वही युवक कान पकड़कर अपनी गलती की माफी मांगते नजर आ रहे हैं। सकरी थाना क्षेत्र के बजरंग पारा में चाकू लहराने के आरोप में जेल भेजे गए दो युवकों की रिहाई के बाद सेंट्रल जेल बिलासपुर के बाहर समर्थकों ने उनका स्वागत किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया था।

रिहाई के बाद जेल गेट के बाहर हुए स्वागत में कुछ लोग युवकों को फूल-मालाएं पहनाते और जश्न मनाते नजर आए थे। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपियों की रिहाई पर इस तरह सार्वजनिक तौर पर जश्न मनाए जाने को लेकर सवाल उठने लगे थे। वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया।

विवाद बढ़ा तो बदला अंदाज
मामला गर्माने के बाद अब सोशल मीडिया पर एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में घटनाक्रम में शामिल युवक उठक-बैठक करते और कान पकड़कर अपनी गलती स्वीकारते दिखाई दे रहे हैं। युवकों ने पुलिस और आम लोगों से माफी मांगते हुए अपनी हरकत को गलती बताया।

‘आगे से कानून का पालन करेंगे’
वीडियो में युवकों ने कहा कि उनसे बड़ी भूल हुई है और वे भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे। उन्होंने कानून का पालन करने की बात कहते हुए पुलिस और आम जनता से माफी मांगी। पहले रिहाई के जश्न और अब सार्वजनिक रूप से माफी मांगने वाले वीडियो के सामने आने से पूरे घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है।
फिलहाल माफी मांगने का वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चल रही चर्चा कुछ शांत होती नजर आ रही है। हालांकि, रिहाई के बाद जश्न मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उठे सवालों ने कानून व्यवस्था और अपराधियों के स्वागत को लेकर बहस जरूर छेड़ दी है।






































