KARWA CHAUTH 2026 : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में करवाचौथ को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि पत्नी ने करवाचौथ का निर्जला व्रत नहीं रखा और न ही रात में चांद की पूजा की। पति ने इसे अपनी लंबी उम्र और सुरक्षा से जोड़ते हुए पत्नी पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। अब पुलिस इस पारिवारिक विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश कर रही है।

पत्नी ने नहीं रखा करवाचौथ का व्रत, पति ने थाने में दिया आवेदन
मामला शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के विजरावन गांव का है। यहां रहने वाले बारेलाल आदिवासी ने अपनी पत्नी मिथलेश आदिवासी के खिलाफ थाने में शिकायती आवेदन दिया है। बारेलाल का कहना है कि उसकी पत्नी ने करवाचौथ पर उसके लिए निर्जला व्रत नहीं रखा और न ही रात में चांद देखकर पूजा की। पति का आरोप है कि पत्नी का ऐसा व्यवहार उसके प्रति असमर्पण को दर्शाता है। उसने पुलिस के सामने आशंका जताई कि पत्नी उसे नुकसान पहुंचाना चाहती है। इतना ही नहीं, इस विवाद से नाराज बारेलाल ने पत्नी से रिश्ता खत्म करने और तलाक लेने की बात भी कही है।

‘साहब! पत्नी ने मेरे लिए करवाचौथ का व्रत नहीं रखा’
बारेलाल अपनी शिकायत लेकर सीधे बदरवास थाने पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि करवाचौथ का व्रत पति की लंबी उम्र के लिए रखा जाता है, लेकिन उसकी पत्नी ने यह परंपरा नहीं निभाई। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। हालांकि, शुरुआती तौर पर सामने आया मामला केवल व्रत न रखने तक सीमित नहीं माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से ही आपसी तनाव और मनमुटाव चल रहा है।

पुलिस ने FIR के बजाय सुलह का रास्ता चुना
मामले को लेकर कोलारस के एसडीओपी संजय मिश्रा ने बताया कि पुलिस का प्रयास है कि पारिवारिक विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाया जाए और परिवार टूटने से बच सके। पुलिस ने इस शिकायत को फिलहाल पारिवारिक विवाद के रूप में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, करवाचौथ का व्रत रखना या नहीं रखना किसी महिला का व्यक्तिगत फैसला है। केवल व्रत नहीं रखने के आधार पर किसी आपराधिक कार्रवाई का प्रावधान नहीं है।
महिला पुलिस अधिकारी कराएंगी पति-पत्नी के बीच बातचीत
पुलिस प्रशासन अब इस मामले को महिला परामर्श के जरिए सुलझाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए एक वरिष्ठ महिला पुलिस अधिकारी की मदद से पति बारेलाल और पत्नी मिथलेश को आमने-सामने बैठाकर उनकी बात सुनी जाएगी। पुलिस का मानना है कि कई बार घरेलू विवादों की असली वजह कुछ और होती है, जबकि सामने कोई छोटी बात दिखाई देती है। ऐसे में दोनों पक्षों की बात सुनकर गलतफहमियां दूर करने और आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा।




































