NOIDA NEWS. नोएडा में पत्नी से चल रहे विवाद को खत्म करने और उसे प्रभावित करने के लिए एक युवक ने कार चोरी कर ली। चोरी की कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर आरोपी पत्नी के पास पहुंचा और उसे बताया कि वह कार खरीदकर लाया है। हालांकि, उसकी यह योजना ज्यादा दिन नहीं चल सकी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान एटा निवासी 22 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है। वह नोएडा के सेक्टर-63 स्थित छजरसी में किराये के मकान में रहता था और ड्राइवर का काम करता था। मामला तब सामने आया जब गाजियाबाद निवासी एक युवती अपनी कार सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी कर इंटरव्यू देने चली गई। वापस लौटने पर कार गायब मिली। शिकायत के बाद सेक्टर-20 थाना पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि अरुण चोरी की कार लेकर एटा जाने की तैयारी में था। पुलिस ने उसे DLF मॉल की ओर जाने वाले रास्ते पर खाली प्लॉट के पास गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की कार, फर्जी नंबर प्लेट और डिग्गी से असली नंबर प्लेट बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि पत्नी से विवाद चल रहा था और वह उसे मनाकर रिश्ते सुधारना चाहता था। पत्नी को प्रभावित करने के लिए उसने कार खरीदने का झूठ बोला था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।






































