JHANSI NEWS. घर से यह कहकर निकला कि दोस्त से मिलने जा रहा हूं और करीब एक घंटे में लौट आऊंगा, लेकिन रात बीत गई और वह वापस नहीं आया। परिवार ने फोन किया तो कॉल भी रिसीव नहीं हुआ। कुछ घंटे बाद पुलिस का फोन आया और परिजनों को मेडिकल कॉलेज बुलाया गया, जहां 21 वर्षीय बीए एलएलबी छात्र परवेज अली की लाश मिली।

मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नगरा हाट मैदान का है। परवेज बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में बीए एलएलबी फाइनल ईयर का छात्र था। उसकी मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शव की जांच में पैर पर दांतों से काटने के करीब छह निशान और सिर में गंभीर चोट मिलने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रात 9:30 बजे रैपिडो बुक करके निकला था
परवेज अली नहर रोड स्थित विजय नगर का रहने वाला था। उसके पिता एहसान हैदरी रेलवे से सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद से रिटायर्ड हैं। वह दो भाइयों में छोटा था।
पिता के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 बजे परवेज ने घर से रैपिडो बुक की और यह कहकर निकला कि वह एक दोस्त से मिलने जा रहा है। उसने करीब एक घंटे में वापस आने की बात कही थी।
जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो पिता ने उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। परिवार की चिंता बढ़ती गई।
आधी रात पुलिस ने मेडिकल कॉलेज बुलाया
पिता के मुताबिक, देर रात करीब 12 बजे पुलिस से संपर्क किया गया। पुलिस ने बताया कि परवेज की तबीयत खराब है और उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया है। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो वहां उन्हें परवेज की लाश मिली।
शुरुआत में परिजनों को आशंका थी कि शायद गिरने या किसी हादसे में चोट लगने से उसकी मौत हुई होगी। लेकिन बाद में शव की जांच के दौरान सामने आई चोटों ने कई सवाल खड़े कर दिए।
पैर पर मिले दांतों के करीब 6 निशान
सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस पंचनामा की कार्रवाई के लिए मोर्चरी पहुंची। शव की जांच के दौरान परवेज की दाहिनी जांघ के पीछे दांतों से काटने के करीब छह निशान मिले। इसके अलावा सिर पर भी गंभीर चोट थी।
परवेज के बड़े भाई दानिश अली और मामा वसीम ने इन चोटों को लेकर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि पैर पर मिले निशान सामान्य गिरने से नहीं लगते और सिर पर भी गंभीर चोट के निशान हैं। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
पुलिस बोली- नशे की हालत में गिरने की सूचना मिली थी
एसपी सिटी प्रीति सिंह के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि परवेज अली नशे की हालत में लड़खड़ाकर गिर गया था। पुलिस उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर पर गंभीर चोट और पैर पर काटने के निशान मिले हैं। चोटें कैसे आईं, यह पता लगाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि परवेज रात में किस दोस्त से मिलने गया था और उसके साथ उस दौरान क्या हुआ। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





































