JANJGIR NEWS. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में प्रेम संबंध को लेकर विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चांपा में विवाद के बाद एक युवती ने अपने प्रेमी पर एसिड फेंक दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बिना वैध दस्तावेज के एसिड बेचने वाले दुकानदार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित संतोष सोनी ने 28 अक्टूबर को चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि युवती के साथ प्रेम संबंध के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के बाद युवती ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में संतोष के दाहिने हाथ, भुजा और कलाई पर जलने की चोटें आईं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
शौचालय की सफाई के नाम पर खरीदा था एसिड
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी युवती ने शौचालय की सफाई के लिए एक दुकान से एसिड खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित दुकानदार से एसिड की बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इस पर पुलिस ने सदर बाजार, चांपा निवासी 70 वर्षीय दुकानदार मोहम्मद हुसैन बोहरा के खिलाफ बीएनएस की धारा 287 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दुकानदारों को दी सख्त चेतावनी
इस मामले के बाद चांपा पुलिस ने क्षेत्र के दुकानदारों को एसिड और अन्य ज्वलनशील पदार्थों की बिक्री को लेकर सख्त हिदायत दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित नियमों और वैध दस्तावेजों के बिना ऐसे पदार्थों की बिक्री नहीं की जानी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




































