KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक महिला के लापता होने के करीब दो सप्ताह बाद उसका शव घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ है। मामला श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव का है। महिला रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची थी, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर पहुंचने पर सेप्टिक टैंक से दुर्गंध आने के बाद शक गहराया और तलाशी में महिला का शव मिला। मृतका की पहचान संतोषी उरांव के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो साल से मनोज उरांव के साथ रह रही थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच विवाद और मारपीट के बाद संतोषी के साथ अनहोनी होने की आशंका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक 27 अगस्त को संतोषी और मनोज के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद संतोषी दिखाई नहीं दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उस रात वास्तव में क्या हुआ था और महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। संतोषी के रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंचने के बाद उसके भाइयों ने मनोज से संपर्क किया था। परिजनों के मुताबिक, उन्हें संतोषी के घर से चले जाने की बात बताई गई। इसके बाद परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की।

कई दिन तक संतोषी का पता नहीं चलने पर 19 सितंबर को परिजन दोबारा बरपाली पहुंचे। घर पर ताला लगा था और मनोज भी वहां नहीं मिला। इसी दौरान घर की बाड़ी की ओर से तेज दुर्गंध आने पर परिजनों को शक हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सेप्टिक टैंक की जांच करने पर उसके अंदर महिला का सड़ा-गला शव मिला। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सक और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया। घटना के बाद से मनोज उरांव फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला की मौत कैसे हुई और शव को सेप्टिक टैंक में किस परिस्थिति में डाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार मनोज उरांव की तलाश की जा रही है।






































