KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चर्च के अंदर विवाद और मारपीट की घटना के बाद तनाव की स्थिति बन गई। रजगामार स्थित चर्च में हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों के घुसने और महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी करने का आरोप लगा है। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसमें एक युवक की पिटाई कर दी गई। घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोरबा-रजगामार मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप और कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। मामला कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, चर्च में कुछ लोगों के पहुंचने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने चर्च के अंदर महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी की। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक युवक की जमकर पिटाई किए जाने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मसीही समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी भी की। चक्काजाम के कारण कोरबा-रजगामार रोड पर काफी देर तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। घटना और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लोगों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त करा दिया गया है।

पहले भी धर्म परिवर्तन के आरोप पर हुआ था विवाद
रजगामार क्षेत्र में कुछ दिन पहले भी धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए विवाद हुआ था। उस समय भी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी। अब चर्च में मारपीट और चक्काजाम की घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर विवाद चर्चा में है।





































