RAIPUR. प्रदेश के मुख्यमंत्री ने धान खरीदी की अंतर राशि के सन्दर्भ में एक बार फिर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि किसानों के धान खरीदी की अंतर राशि प्रति क्विंटल 917 रु. सभी किसानों के खाते में एकमुश्त बहुत जल्द जमा की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसानों की हितैषी सरकार है। हमारी सरकार मोदी गारंटी में की गई सभी वादों को जल्द पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आने वाले 12 मार्च को देश के कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं, इसी अवसर पर हर जिले में कार्यक्रम का आयोजन कर प्रदेश के करीब 24 लाख किसानों के खाते में धान के बोनस की राशि का करीब 13 हजार करोड़ रुपए का भुगतान किया जाएगा।
बता दें कि सत्ता में आने से पहले ही भाजपा ने ये ऐलान कर दिया था कि धान क प्रति क्विंटल 3100 रुपए की दर से भुगतान किया जाएगा। वहीं, धान खरीदी के बाद किसानों को समर्थन मूल्य 2183 का भुगतान किया जा रहा था और अब अंतर की राशि 917 रुपए का भुगतान 12 मार्च को किया जाएगा।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के द्वारा कृषक उन्नति योजना लागू कर दी गई है। इस योजना के द्वारा प्रदेश के किसानों को धान खरीदी की अंतर राशि का भुगतान किया जाएगा।
धान खरीदी अंतर राशि भुगतान करने के लिए ही वर्तमान सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना को लागू की गई है। इससे पूर्ववर्ती सरकार के द्वारा किसान न्याय योजना शुरू की गई थी। राज्य सरकार के द्वारा धान खरीदी की समर्थन मूल्य के अतिरिक्त राशि को योजना के माध्यम से भुगतान किया जाता है।