MUMBAI. मायानगरी मुंबई से बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 साल की छात्रा के साथ उसी की क्लास में पढ़ने वाले चार लड़कों ने घिनौनी वारदात की है। उसे क्लास में बंद करके एक लड़के ने उसके साथ रेप किया। इस दौरान उनसे तीन साथी क्लास के बाहर पहरा दे रहे थे।
दरअसल, मंगलवार को स्कूल का वार्षिक कार्यक्रम चल रहा था। सभी टीचर्स और स्टूडेंट्स हॉल में मौजूद थे। इसी दौरान मौका पाकर छात्रों ने लड़की को पकड़ लिया। उसे क्लास के अंदर ले गए। वारदात के दौरान दो लड़के कक्षा के बाहर पहरा दे रहे थे, ताकि कोई आ न सके। एक ने रेप किया, जबकि अंदर मौजूद दूसरे छात्र ने छेड़छाड़ की।
पुलिस ने दो छात्रों को किया गिरफ्तार
लड़की के माता-पिता द्वारा शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और दो लड़कों को पकड़ लिया है। उन पर भारतीय दंड संहिता के साथ-साथ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के तहत बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। लड़कों को फिलहाल डोंगरी रिमांड होम भेज दिया गया है।
पीड़िता के मुताबिक, वारदात में चार लड़के शामिल थे, उनकी उम्र भी 13 से 14 साल बताई जा रही है। वहीं पीड़िता का भी मेडिकल कराया गया है।
पीड़िता ने मां को बताई सारी बात
पुलिस ने कहा कि घटना का पता तब चला, जब लड़की ने अपनी मां से अपने प्राइवेट पार्ट में दर्द की शिकायत की। चिंतित, उसकी मां ने उससे पूछा कि क्या हुआ था? लड़की ने उसे बताया कि मंगलवार को सभी छात्रों और शिक्षकों को स्कूल के वार्षिक कार्यक्रम के लिए हॉल में जाने के लिए कहा गया था।
इस दौरान जब वह कक्षा में अकेली थी, तब दो लड़कों ने दरवाजा बंद कर दिया जबकि उसके दो दोस्त बाहर पहरा दे रहे थे। एक लड़के ने उसका रेप किया और दूसरे लड़के ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश की।





































