AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात करीब 15 से 20 हथियारबंद बदमाश उनके घर में घुस गए और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में कांग्रेस नेता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अब इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मामला मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा इलाके का है। शनिवार रात हथियारों से लैस बदमाशों का एक समूह गुरुप्रीत सिंह सिद्धू के घर पहुंचा और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनकी आंख में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है।

मारपीट का वीडियो वायरल
घटना के बाद सामने आए वीडियो में कई लोग कांग्रेस नेता के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कुछ लोग बीच-बचाव कर उन्हें बचाने का प्रयास भी करते नजर आ रहे हैं।

प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे पुरानी राजनीतिक रंजिश का एंगल सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।






































