NEW DELHI NEWS. राजधानी दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि नोएडा छोड़ने का झांसा देकर बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्रा को सवार किया और फिर चलती बस में उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास छोड़ दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा घर में कहासुनी के बाद बिना बताए नोएडा में रहने वाले अपने कजिन के घर जाने के लिए निकली थी। बताया जा रहा है कि भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। छात्रा वहां से नोएडा सेक्टर-63 जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान सूरजपुर वर्कशॉप से मरम्मत के बाद तिमारपुर लौट रही एक खाली स्लीपर बस वहां पहुंची।

नोएडा छोड़ने के बहाने बस में बैठाया
पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया। बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे नोएडा छोड़ने का भरोसा दिलाकर बस में बैठा लिया। आरोप है कि कुछ दूर चलने के बाद दोनों ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और फिर चलती बस में बारी-बारी से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर छात्रा को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। बताया गया है कि बस की खिड़कियों पर पर्दे लगे हुए थे, जिसका आरोपियों ने कथित तौर पर फायदा उठाया।

47 किलोमीटर तक घुमाने के बाद कश्मीरी गेट के पास छोड़ा
आरोपियों पर छात्रा को बस में करीब 47 किलोमीटर तक घुमाने और बाद में देर रात कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार होने का आरोप है। पीड़िता ने किसी तरह कश्मीरी गेट थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।

सीसीटीवी से बस की पहचान, दोनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और बस के संभावित रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके बाद बस की पहचान की गई। पुलिस ने तिमारपुर क्षेत्र की एक पार्किंग से आरोपी ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म समेत गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





































