BHILAI. दीक्षित कॉलोनी कोसानगर में एक सख्स के घर पर उसी के दोस्तों ने डाका डाला। पत्नी के मायके जाने के बाद मिलने आने के बहाने पति के दोस्तों ने पहले तो घर की रेकी की और उसके बाद मौका देखकर अलमारी से लाखों के जेवर पार कर दिए। इस मामले में रविवार को पीडित ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चंद घंटों में ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

सुपेला पुलिस ने बताया कि दीक्षित कॉलोनी निवासी आनंद देवांगन आईसीआईसीआई बैंक में सेल्स मेनेजर के रूप में कार्यरत हैं। इनकी पत्नी तीजा में मायके गई थी। 8 सितंबर हो मायके से लौटने के बाद इन्होंने देखा कि अलमारी से सोने व चांदी के जेवर गायब हैं। इसके बाद आसपास तलाश किया लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद 11 सितंबर को आनंद देवांगन ने सुपेला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत दर्ज होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने चोरों की पतासाजी शुरू की। इस दौरन आसपास के सीसी टीवी फुटेज चेक करने पर दो युवक संदिग्ध दिखे। इनके बारे में आनंद देवांगन ने बताया कि वे उसके दोस्त सचिन फुले एवं स्वलिंग फुले उर्फ चारू हैं जो उसी कॉलोनी में रहते हैं। पत्नी के मायके जाने के आना जाना करते थे।

इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर दोनों ने किसी भी तरह की चोरी से इंकार किया। इसके बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर कुल 5 लाख 10 हजार रुपए के जेवर बरामद किए। वहीं दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 380 के तहत कार्रवाई की।





































