KAWARDHA NEWS. कवर्धा जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब साढ़े चार क्विंटल गांजा बरामद किया है। यह गांजा एक कंटेनर ट्रक में बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिल्फी बॉर्डर के रास्ते गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर एनएच-30 पर चिल्फी थाना के सामने संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान पुलिस को ड्राइवर सीट के ऊपर एक गुप्त चेंबर दिखाई दिया। चेंबर खोलने पर खाकी टेप से लिपटे कई पैकेट बरामद हुए। पैकेटों में करीब 450 किलो गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपये बताई है।

अमृतसर के चालक को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कंटेनर चालक बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब, को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और गांजा तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक भी जब्त किया गया है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश के लखनऊ ले जाई जा रही थी। पुलिस अब इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।

तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी के बाद अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी। आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
इस बड़ी कार्रवाई पर राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में गांजा तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।



































