RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों पर कार्रवाई की है। दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल ग्रीन्स कॉलोनी में ED ने शनिवार को करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की। एजेंसी ने कॉलोनी के 355 प्लॉट अपने कब्जे में लिए हैं और मुख्य गेट पर कार्रवाई से संबंधित नोटिस भी चस्पा किया है।जानकारी के मुताबिक, विट्ठल ग्रीन्स कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके हैं, जिन्हें इस कार्रवाई से अलग रखा गया है। बाकी 355 प्लॉट पर ED ने कार्रवाई की है।
शराब घोटाले की रकम रियल एस्टेट में लगाने का आरोप
ED का आरोप है कि शराब घोटाले से जुटाई गई रकम को रियल एस्टेट परियोजना में निवेश किया गया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, चैतन्य बघेल ने अपनी स्वामित्व वाली कंपनी बघेल डेवलपर्स के माध्यम से इस प्रोजेक्ट को विकसित किया था। आरोप है कि शराब सिंडिकेट से प्राप्त रकम को रियल एस्टेट कारोबार में लगाकर उसे वैध दिखाने की कोशिश की गई। एजेंसी ने इस परियोजना में करीब 18.9 करोड़ रुपये की कथित अपराध से अर्जित रकम निवेश किए जाने का दावा किया है। परियोजना की कुल कीमत 26.43 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसमें जमीन की कीमत 9.49 करोड़ रुपये और विकास कार्यों की लागत 16.95 करोड़ रुपये बताई गई है।
मार्च में कुर्की के आदेश की हो चुकी थी पुष्टि
ED के मुताबिक, इस संपत्ति से जुड़े अस्थायी कुर्की आदेश की पुष्टि मार्च 2026 में पीएमएलए की न्याय निर्णायक प्राधिकरण ने कर दी थी। इसके बाद एजेंसी ने संपत्ति पर कब्जे की कार्रवाई की।इससे पहले नवंबर 2025 में ED ने चैतन्य बघेल की कुल 61.20 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। इसमें 59.96 करोड़ रुपये मूल्य के 364 आवासीय प्लॉट और कृषि भूमि के टुकड़े शामिल थे। इसके अलावा 1.24 करोड़ रुपये के बैंक बैलेंस और फिक्स्ड डिपॉजिट भी कुर्की की कार्रवाई में शामिल थे। इस कुर्की को मार्च 2026 में निर्णायक प्राधिकरण से मंजूरी मिल गई थी।
जुलाई 2025 में हुई थी चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी
शराब घोटाला मामले में ED ने जुलाई 2025 में चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया था। करीब छह महीने बाद जनवरी 2026 में उन्हें जमानत पर जेल से रिहाई मिली थी। अब उनसे जुड़ी विट्ठल ग्रीन्स कॉलोनी की संपत्तियों पर ED की ताजा कार्रवाई हुई है।



































