RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में अपराध की रफ्तार ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। महज 6 घंटे के भीतर हत्या की दो वारदातों से शहर में हड़कंप मच गया। एक मामले में पुरानी रंजिश के चलते युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई और पहचान छिपाने के लिए शव गटर में फेंक दिया गया। वहीं दूसरी वारदात में आपसी विवाद के दौरान एक युवक के सीने पर लोहे की वस्तु से ऐसा वार किया गया कि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दोनों घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली वारदात: गुमशुदगी की जांच में निकला हत्या का खौफनाक सच
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में निरंजन पाल 10 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे घर से लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच आगे बढ़ी तो मामला गुमशुदगी से हत्या में बदल गया। पुलिस के मुताबिक, करीब 10 साल पुरानी रंजिश के चलते विनोद दांडेकर ने राजा नायडू के साथ मिलकर निरंजन की हत्या की साजिश रची।
दोनों आरोपियों ने निरंजन को कमल विहार सेक्टर-13 बुलाया और शराब पिलाने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए उसके कपड़े जला दिए और शव गटर में फेंक दिया। मृतक की एक्टिवा भी बाकल नदी के पास छिपा दी गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव, जले हुए कपड़े और एक्टिवा बरामद कर लिए। इस मामले में राजा नायडू और विनोद दांडेकर गिरफ्तार किए गए हैं।
दूसरी वारदात: लाखेनगर चौक में युवक की हत्या
हत्या की दूसरी वारदात आजाद चौक थाना क्षेत्र के लाखेनगर चौक में सामने आई। यहां आपसी विवाद के दौरान शेख नाजिर (41 वर्ष) ने मोहम्मद यूनुस (25 वर्ष), निवासी ईदगाह भाठा, के सीने पर लोहे की वस्तु से वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल यूनुस को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आजाद चौक पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
दो वारदातें, तीन आरोपी गिरफ्तार
महज छह घंटे के भीतर हुई इन दो हत्याओं ने राजधानी में अपराध की गंभीर तस्वीर सामने रख दी है। एक तरफ पुरानी रंजिश में युवक की हत्या कर शव छिपाने की कोशिश की गई, तो दूसरी तरफ सार्वजनिक चौक पर विवाद ने एक युवक की जान ले ली। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आगे की विवेचना जारी है।





































