BASTAR NEWS. छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मोती ज्वैलर्स में हुई करीब 1.75 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को अहम कामयाबी मिली है। वारदात के महज 48 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस चोरी का मुख्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहनों की पहचान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए माल का अधिकांश हिस्सा भी बरामद किया गया है।
वाहनों की पहचान से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक, मोती ज्वैलर्स में हुई करोड़ों की चोरी के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। सबसे पहले वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने वाहनों की लोकेशन ट्रेस कर संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश शुरू की। ग्रामीणों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी। हालांकि, पुलिस को देखते ही आरोपी जंगल की ओर भाग निकले।
जंगल में छिपे आरोपियों की तलाश, ड्रोन से चल रहा सर्च ऑपरेशन
आरोपियों के जंगल में छिपने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 24 घंटे से जंगल में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ड्रोन की मदद से जंगल के अंदर छिपे आरोपियों की तलाश कर रही है। इस दौरान जंगल से ही चार लोगों को पकड़ा गया है। मामले में दो अन्य लोगों की पहचान भी कर ली गई है, जबकि पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
चोरी का अधिकांश माल बरामद, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी आदतन अपराधी हैं। इससे पहले भी वे नारायणपुर में छोटी-मोटी चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इस बार आरोपियों के हाथ बड़ी रकम और कीमती ज्वेलरी लग गई।
पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी जांच के चलते वारदात के कुछ ही समय में आरोपियों तक पहुंच बनाई जा सकी। चोरी किए गए माल का अधिकांश हिस्सा बरामद कर लिया गया है।
फिलहाल मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। जंगल में ड्रोन और पुलिस टीमों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही फरार मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



































