BILASPUR NEWS. माता-पिता के बीच विवाद का खामियाजा बच्चों को नहीं भुगतना चाहिए। बच्चों के बेहतर भविष्य और संपूर्ण विकास के लिए मां और पिता दोनों का स्नेह जरूरी है। यह महत्वपूर्ण टिप्पणी छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक पारिवारिक विवाद की सुनवाई के दौरान की है। कोर्ट ने पिता को हर रविवार अपने बेटे से मिलने की अनुमति दी है। इस दौरान बच्चे के दादा-दादी भी उसके साथ रह सकेंगे। हाईकोर्ट ने निर्देश दिया है कि बच्चे की मां उसे लेकर प्रत्येक रविवार दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक किसी सार्वजनिक स्थान पर पहुंचेगी, जहां पिता अपने बेटे से मुलाकात कर सकेगा।
फैमिली कोर्ट से राहत नहीं मिलने पर हाईकोर्ट पहुंचा पिता
मामला रायपुर निवासी एक व्यक्ति से जुड़ा है। उसने रायपुर फैमिली कोर्ट में अपने बेटे की कस्टडी और संरक्षण से संबंधित याचिका दायर की थी। हालांकि, फैमिली कोर्ट ने उसकी याचिका खारिज कर दी थी। फैमिली कोर्ट के इस फैसले से असंतुष्ट होकर पिता ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उसने कोर्ट से अपने बेटे से मिलने का अधिकार देने की मांग की थी। याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि वह अपने बेटे से सहज और अनुकूल वातावरण में मिलना चाहता है, ताकि बच्चे के साथ उसका भावनात्मक जुड़ाव बना रहे।
मां ने जताई आपत्ति, बच्चे के असहज होने की दी दलील
सुनवाई के दौरान बच्चे की मां ने पिता की मांग पर आपत्ति जताई। मां का कहना था कि लंबे समय के बाद बच्चे की अपने पिता से मुलाकात होने पर वह असहज महसूस कर सकता है। ऐसे में मुलाकात के दौरान बच्चे की मानसिक स्थिति और सहजता का ध्यान रखा जाना जरूरी है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने बच्चे के हित और उसके संपूर्ण विकास को ध्यान में रखते हुए मुलाकात की अनुमति देने का फैसला किया।
हर रविवार 4 घंटे पिता से मिल सकेगा बच्चा
हाईकोर्ट ने पिता को प्रत्येक रविवार अपने बेटे से मिलने की अनुमति दी है। कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, मुलाकात का समय दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान बच्चे की मां उसे लेकर किसी सार्वजनिक स्थान पर पहुंचेगी। पिता के साथ बच्चे के दादा-दादी भी मुलाकात में मौजूद रह सकेंगे।

हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी, बच्चों के रिश्तों पर न पड़े विवाद का असर
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि माता-पिता के आपसी विवाद का असर बच्चों के साथ उनके रिश्तों पर नहीं पड़ना चाहिए। बच्चे के संपूर्ण और संतुलित विकास के लिए माता और पिता दोनों का प्यार, देखभाल और भावनात्मक सहयोग जरूरी है।



































