RAIPUR NEWS. सैनिक स्कूल में पढ़ाई करने का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सैनिक स्कूल अंबिकापुर सहित देशभर के सैनिक स्कूलों और नए सैनिक स्कूलों में कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सैनिक स्कूल अंबिकापुर के प्राचार्य की ओर से जारी सूचना के अनुसार, रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित सैनिक स्कूलों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा।

आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ निर्धारित परीक्षा शुल्क भी ऑनलाइन जमा करना होगा। एनटीए के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सामान्य आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे तक है। जो विद्यार्थी निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें विलंब शुल्क के साथ आवेदन का मौका दिया जाएगा। ऐसे अभ्यर्थी 3 से 6 दिसंबर 2026 तक 500 रुपए अतिरिक्त विलंब शुल्क देकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में किसी तरह की गलती होने पर 7 से 9 दिसंबर तक उसमें सुधार किया जा सकेगा।

अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र के शहरों की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी होगी। वहीं, अभ्यर्थी 25 जनवरी से एनटीए की वेबसाइट पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी। इसका आयोजन ऑफलाइन पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से किया जाएगा। कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए परीक्षा की अवधि 150 मिनट यानी ढाई घंटे निर्धारित की गई है। यह परीक्षा 13 भाषाओं में होगी। वहीं, कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए परीक्षा 180 मिनट की होगी और इसका माध्यम अंग्रेजी रहेगा।

कहां और कैसे करें आवेदन?
इच्छुक विद्यार्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन और प्रवेश परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए ये वेबसाइट उपलब्ध हैं:
– सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा पोर्टल: NTA AISSEE आवेदन पोर्टल
– एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट: NTA वेबसाइट
प्रवेश के लिए पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पाठ्यक्रम, शुल्क और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी एनटीए की सूचना पुस्तिका में दी गई है। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों और अभिभावकों को इसे ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
किसी भी तरह की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए एनटीए हेल्पडेस्क के नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा aissee@nta.ac.in पर ई-मेल भी भेज सकते हैं।





































