NEW DELHI NEWS. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 16 जुलाई की देर रात NEET (UG) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम निर्धारित समय पर जारी किए जाने से मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश और काउंसलिंग प्रक्रिया तय शेड्यूल के अनुसार आगे बढ़ सकेगी। इस वर्ष देश और विदेश के परीक्षा केंद्रों को मिलाकर करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य संबद्ध स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्र घोषित हुए हैं। एनटीए के अनुसार इस वर्ष सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। महिलाओं की सफलता दर भी पुरुषों की तुलना में अधिक रही। सभी अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड neet.nta.nic.in पर देख सकते हैं।

इस वर्ष कुल 138 छात्रों ने 720 में से 690 से अधिक अंक प्राप्त किए। इनमें से 93 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवार पहली बार NEET परीक्षा में शामिल हुए थे और लगभग सभी टॉप रैंकर्स की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच है। इस बार 715 अंक के साथ आर्यन गुप्ता (पंजाब) और पांशुल बंसल (हरियाणा) ने संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्थान हासिल किया। अंकों के आधार पर प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं—19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए, 1,492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक अंक हासिल किए, 10,160 उम्मीदवारों ने 600 से अधिक अंक प्राप्त किए, 90,780 उम्मीदवारों के 500 से अधिक अंक आए।

श्रेणीवार सफल अभ्यर्थियों की संख्या
सामान्य वर्ग : 2.91 लाख
ओबीसी-एनसीएल : 5.12 लाख
अनुसूचित जाति : 1.59 लाख
अनुसूचित जनजाति : 63,716
ईडब्ल्यूएस : 95,026
PwBD : 3,666
PwD : 303

13 भाषाओं में हुई थी परीक्षा
NEET (UG) 2026 का आयोजन 13 भाषाओं—हिंदी, अंग्रेजी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू—में कराया गया था। परीक्षा 21 जून 2026 को देश के 551 शहरों तथा विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। एनटीए के मुताबिक देश के सभी 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से उम्मीदवार सफल हुए हैं। उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी क्वालिफाई हुए, जबकि लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवार सफल रहे। कुल 17 राज्यों के टॉपर्स ने 700 या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं।

ऐसे जारी हुआ रिजल्ट
एनटीए ने बताया कि परीक्षा परिणाम तय समय पर जारी करने के लिए मूल्यांकन प्रक्रिया को समानांतर चरणों में पूरा किया गया। 25 जून को प्रोविजनल आंसर-की जारी की गई, 13 से 15 जुलाई के बीच ओएमआर शीट अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई गई, 16 जुलाई को फाइनल आंसर-की जारी होने के बाद उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया गया।

काउंसलिंग के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर ही करें भरोसा
एमबीबीएस और बीडीएस की अखिल भारतीय कोटा काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) कराएगी, जबकि राज्य कोटा की काउंसलिंग संबंधित राज्य प्राधिकरण आयोजित करेंगे। एनटीए ने अभ्यर्थियों को फर्जी कॉल, मैसेज और सीट दिलाने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह दी है। केवल आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।





































