JHANSI NEWS. झांसी में रेलवे अधिकारी को AI से एडिट की गई आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए कथित तौर पर ब्लैकमेल करने के मामले में आरोपी मरीना लाजरस उर्फ मरीना जेसी को फिलहाल जेल में ही रहना होगा। गुरुवार को न्यायालय संख्या-1 के अपर सत्र न्यायाधीश आदित्य चतुर्वेदी ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। मरीना के खिलाफ रेलवे अधिकारी जितेंद्र कुमार शर्मा की पत्नी अंकिता भारद्वाज ने नवाबाद थाने में FIR दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि AI की मदद से परिवार की महिलाओं और रेलवे अधिकारी की आपत्तिजनक एडिटेड तस्वीरें तैयार की गईं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख रुपये की मांग की गई।
जनवरी से जून तक 7 बार भेजे पैसे
अंकिता भारद्वाज ने 2 अगस्त को दर्ज कराई FIR में आरोप लगाया कि मरीना फोन और WhatsApp के जरिए उनके पति और परिवार को धमकी दे रही थी। शिकायत के मुताबिक, जनवरी से जून 2026 के बीच परिवार की ओर से Google Pay के जरिए मरीना को सात बार रकम भेजी गई। आरोप है कि 31 जुलाई को मरीना ने जितेंद्र की आपत्तिजनक एडिटेड फोटो WhatsApp पर भेजी और तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
सरकारी आवास पर पहुंचकर 15 लाख मांगने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 2 जून को मरीना जितेंद्र के कुंज स्थित सरकारी आवास पर पहुंची थी। आरोप है कि वहां उसने गाली-गलौज की और 15 लाख रुपये की मांग की। परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है।
प्रयागराज से हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने 9 सितंबर को मरीना को प्रयागराज से गिरफ्तार किया था। उसके पास से एक लैपटॉप और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, लैपटॉप से कई ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली हैं। मरीना 10 सितंबर से झांसी जेल में बंद है। पुलिस मामले में WhatsApp चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, UPI लेन-देन और ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। मोबाइल नंबरों की CDR भी खंगाली जा रही है। परिवार ने मामले में किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने की आशंका भी जताई है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस पहलू की भी जांच कर रही है।
कोर्ट में जमानत का हुआ विरोध
जिला शासकीय अधिवक्ता (क्राइम) मृदुल कांत श्रीवास्तव ने अदालत में मरीना की जमानत याचिका का विरोध किया। शिकायतकर्ता अंकिता भारद्वाज ने भी अपने अधिवक्ता के माध्यम से जमानत के खिलाफ लिखित आपत्ति दाखिल की। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने मरीना की जमानत याचिका खारिज कर दी। फिलहाल आरोपी को जेल में ही रहना होगा।





































