DELHI NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लायदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से वीडियो कॉल पर बात की और उनकी बहादुरी, सूझबूझ और मुश्किल हालात में संयम बनाए रखने की तारीफ की। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा के लिए उठाए गए उनके कदमों की प्रधानमंत्री ने सराहना की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक हो गए। उन्होंने प्रधानमंत्री से बात को अपने लिए बेहद खास पल बताया। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि अगर आप मेरे सामने भावुक नहीं होंगे तो फिर कहां होंगे।
‘मैं किसी को मरते हुए नहीं देख सकता था’
कैप्टन स्मित ने पीएम मोदी को घटना के दौरान अपने अनुभव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा कि विमान नीचे गिर जाएगा और वह किसी को मरते हुए नहीं देख सकते थे। स्मित ने बताया कि मुश्किल समय में वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे। उन्होंने कहा कि जब भी वह कठिन परिस्थिति में होते हैं, हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और उस वक्त भी इससे उन्हें हिम्मत मिली। कैप्टन स्मित ने कहा, “मैंने नहीं, हनुमान जी ने सबको बचाया।”
पीएम मोदी ने की कैप्टन स्मित की तारीफ
प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है। पीएम ने उनकी मां गीता बेन के संस्कारों का भी जिक्र किया। मोदी ने कहा कि भारत की संस्कृति दूसरों की जान लेने की नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने की सीख देती है।
फ्लायदुबई विमान में क्या हुआ था?
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लायदुबई की फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर गंभीर घटना हुई थी। बताया गया कि सह-पायलट ने कैप्टन स्मित पर हमला किया और विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। विमान की सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। घटना के बाद कैप्टन स्मित को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। यात्रियों की सुरक्षा के दौरान कैप्टन स्मित को गंभीर चोटें आईं, लेकिन वह सुरक्षित हैं और उनका इलाज जारी है।
पीएम मोदी ने ‘9/11’ का भी किया जिक्र
इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की सार्वजनिक रूप से भी तारीफ की। UPSC के 100 साल पूरे होने के कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि स्मित ने मुश्किल हालात में धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। पीएम मोदी ने इस घटना को 9/11 जैसी बड़ी त्रासदी से जोड़ते हुए कैप्टन स्मित की भूमिका की सराहना की। 2001 में अमेरिका में हुए 9/11 हमले में आतंकियों ने यात्री विमानों को हाईजैक कर उनका इस्तेमाल हमले के लिए किया था।





































