JHANSI NEWS. झांसी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। बहन की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक डंपर के पिछले हिस्से में फंस गई और तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवारों में चीख-पुकार मच गई।

शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे तीनों दोस्त
यह हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ललितपुर-रक्सा बाईपास पर दुर्गापुर के पास हुआ। मृतकों की पहचान पुलिया नंबर नौ निवासी राज (15), हर्ष (23) और आयुष (23) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, राज की इकलौती बहन काजल की शादी 25 नवंबर को होनी है। इसी सिलसिले में राज अपने दोस्तों हर्ष और आयुष के साथ बाइक से ललितपुर के तालबेहट में शादी के कार्ड बांटने गया था। तीनों रात में कार्ड बांटकर झांसी लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण कि डंपर में घुस गई बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। दुर्गापुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर खड़े डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में तीनों की जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां पहले शवों को इमरजेंसी वार्ड ले जाया गया, फिर मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया।

पिता ने पहले ही बाइक से जाने से किया था मना
हादसे में जान गंवाने वाले आयुष के पिता संतोष कुमार ने बताया कि 25 नवंबर को उनकी बेटी की शादी है। इसी सिलसिले में आयुष शाम करीब 4 बजे अपने दोस्तों के साथ तालबेहट कार्ड बांटने निकला था। उन्होंने आयुष को बाइक से जाने से मना भी किया था और बस से जाने की सलाह दी थी, लेकिन वह नहीं माना। संतोष कुमार के मुताबिक, रात में उन्हें फोन पर सड़क हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। हालांकि, हादसा किस तरह हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
बहन की शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम
राज के पड़ोसी अमन गौतम ने बताया कि तीनों दोपहर में शादी के कार्ड बांटने के लिए घर से निकले थे। बाद में राज के छोटे भाई को प्रवीण नाम के युवक का फोन आया, जिसमें बबीना हाईवे पर हादसा होने की सूचना दी गई। घर में राज की बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब मातम पसरा है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



































