JOB NEWS. रायपुर में अक्टूबर के पहले सप्ताह में प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। राजधानी के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में 8 हजार से अधिक रिक्त पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रोजगार मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों को शामिल किया जा रहा है, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों में युवाओं के लिए ज्यादा से ज्यादा रिक्तियां उपलब्ध कराई जा सकें। रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसी के जरिए रोजगार मेले के लिए पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। युवाओं को सलाह है कि वे अपनी योग्यता के अनुसार उपलब्ध पदों की जानकारी पहले से देख लें और जरूरी दस्तावेजों के साथ मेले में पहुंचें।

चयनित युवाओं को मिलेगा ऑफर लेटर
राज्य और जिला स्तर पर आयोजित रोजगार मेलों में चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के हाथों ऑफर लेटर वितरित करने की तैयारी भी की जा रही है। इसके लिए जिलों से चयनित अभ्यर्थियों की सूची 1 अक्टूबर 2026 तक भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

पंचायतों और निकायों के जरिए होगा प्रचार
सरकार ने रोजगार मेले में ज्यादा से ज्यादा युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों में व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से युवाओं तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाई जाएगी। जिला और राज्य स्तरीय रोजगार मेलों में पहले से चयनित युवाओं की कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।





































