RAIPUR NEWS. भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से 23 सितंबर को जारी सूची के मुताबिक स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा की ओर से जारी सूची में छत्तीसगढ़ सातवें क्रम पर है। इसमें प्रदेश प्रभारी के तौर पर स्मृति ईरानी और सह प्रभारी के रूप में सिद्धार्थ शंभू का नाम दर्ज है।

स्मृति ईरानी इससे पहले केंद्र सरकार में मंत्री रह चुकी हैं और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। अगस्त 2026 में घोषित भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था। वहीं सिद्धार्थ शंभू को अगस्त में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था। अब उन्हें छत्तीसगढ़ का सह प्रभारी भी नियुक्त किया गया है।

भाजपा में प्रदेश प्रभारी की भूमिका संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय से जुड़ी होती है। नई नियुक्तियों के बाद छत्तीसगढ़ में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज की निगरानी की जिम्मेदारी स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के पास रहेगी।

बता दें कि इससे पहले नितिन नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 20 जनवरी 2026 को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद छत्तीसगढ़ में प्रदेश प्रभारी का पद खाली था। अब पार्टी ने स्मृति ईरानी को प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभु को सह-प्रभारी नियुक्त कर संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।






































