NEW DELHI NEWS. महानदी के जल के बेहतर प्रबंधन और छत्तीसगढ़ तथा ओडिशा के हितों से जुड़े समाधान को लेकर नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक हुई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल मौजूद रहे।

बैठक में महानदी के पानी के बेहतर उपयोग और प्रबंधन के जरिए दोनों राज्यों में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने तथा नई जल परियोजनाओं की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महानदी छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों के लिए जीवनदायिनी नदी है। इसका संबंध केवल जल उपलब्धता से नहीं, बल्कि दोनों राज्यों के जनजीवन, कृषि और संस्कृति से भी है।

उन्होंने कहा कि महानदी के जल का बेहतर प्रबंधन होने से दोनों राज्यों में सिंचाई व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है और नई परियोजनाओं के रास्ते खुल सकते हैं। सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में दोनों राज्यों की सरकारें आपसी संवाद, सहयोग और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ समाधान की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

बैठक का फोकस महानदी के जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे की दिशा तय करने पर रहा।



































