DHAMTARI NEWS. शहर के बिलाई माता रोड स्थित ‘जेल’ कैफे में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कर्मचारी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान रिसाईपारा निवासी प्रियांशु ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रियांशु इसी कैफे में काम करता था।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह कैफे के कर्मचारी जब काम पर पहुंचे, तो उन्होंने अपने साथी प्रियांशु को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। घटना की सूचना तत्काल कैफे संचालक और पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कैफे संचालक समेत वहां काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।






































