DURG NEWS. दुर्ग जिले में चाकूबाजी की एक और घटना सामने आई है। रिसाली नगर निगम के वार्ड-37 जोरातराई में शनिवार सुबह एक युवक ने भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

होटल में चाय पीते समय किया हमला
जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र सिंह यादव शनिवार सुबह जोरातराई स्थित एक स्थानीय होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर ने उनके गले पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल राजेंद्र यादव को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

चार साल पहले आरोपी से थी दोस्ती
बताया जा रहा है कि राजेंद्र यादव की आरोपी युवक से करीब चार साल पहले दोस्ती थी। हालांकि, लंबे समय से दोनों के बीच बातचीत नहीं थी। पुलिस अब पुराने संबंध और आपसी विवाद समेत हमले की वजह से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
स्थानीय स्तर पर इस घटना को रिसाली नगर निगम चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक हमले के पीछे किसी चुनावी विवाद की पुष्टि नहीं की है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस की टीमें
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, उतई थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद यह हमला हुआ। घटना के बाद पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल हमले की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।





































