JOB NEWS. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के लिए भर्ती का मौका है। CRPF ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के 521 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती में पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तारीख 11 नवंबर 2026 है। उम्मीदवार CRPF की भर्ती वेबसाइट rect.crpf.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने के बाद 12 से 14 नवंबर 2026 तक फॉर्म में जरूरी सुधार भी किया जा सकेगा।

CRPF स्पोर्ट्स कोटा भर्ती में कुल 521 पद हैं। इनमें:
हेड कांस्टेबल – 182 पद
कांस्टेबल – 339 पद
हेड कांस्टेबल के 182 पदों में 150 पुरुष और 32 महिला उम्मीदवारों के लिए हैं। इस पद पर पे मैट्रिक्स लेवल-4 के तहत ₹25,500 से ₹81,100 तक वेतन मिलेगा। वहीं कांस्टेबल के 339 पदों में 258 पुरुष और 81 महिला उम्मीदवारों के लिए हैं। इस पद पर पे मैट्रिक्स लेवल-3 के तहत ₹21,700 से ₹69,100 तक वेतन निर्धारित है। यह भर्ती सभी उम्मीदवारों के लिए नहीं है। CRPF ने इसे मेधावी खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स कोटा भर्ती के रूप में निकाला है। पात्रता के लिए उम्मीदवारों की संबंधित खेल में राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उपलब्धियों को देखा जाएगा।

नोटिफिकेशन के अनुसार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में मेडल विजेता, निर्धारित पोजिशन हासिल करने वाले या प्रतिभागी खिलाड़ी पात्रता की शर्तों के तहत आवेदन कर सकते हैं। खेल उपलब्धि या स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट की निर्धारित अवधि भी महत्वपूर्ण होगी। भर्ती विज्ञापन प्रकाशित होने की तारीख से पिछले दो वर्षों के भीतर की निर्धारित खेल उपलब्धियां/प्रमाणपत्र मान्य होंगे। इस भर्ती में उम्मीदवारों की मेरिट उनके संबंधित खेल में स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट या उपलब्धियों के आधार पर दिए गए अंकों से तैयार की जाएगी। यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान रहते हैं, तो अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी।

12 अक्टूबर से आवेदन, ऐसे करें अप्लाई
आवेदन शुरू होने के बाद उम्मीदवारों को CRPF की भर्ती वेबसाइट rect.crpf.gov.in पर जाना होगा।
भर्ती से संबंधित ऑनलाइन आवेदन लिंक पर जाएं।
मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें।
जरूरी दस्तावेज और स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट अपलोड करें।
आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लें।
फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका कंफर्मेशन पेज सुरक्षित रख लें।

CRPF ने उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है। भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 01-126160255 पर संपर्क किया जा सकता है।



































