BHILAI NEWS. “भारतीय ज्ञान परंपरा की जड़ें अत्यंत गहरी हैं। यह केवल धर्म और अध्यात्म तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वेदों, उपनिषदों, शास्त्रों और लोक साहित्य पर आधारित एक समृद्ध और निरंतर प्रवाहित होने वाली प्रणाली है।” यह उद्गार इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, नई दिल्ली के सदस्य सचिव एवं प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने भिलाई में व्यक्त किए।

वे संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से ग्रामोदय एवं प्रबुद्ध परिषद छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति 11वें व्याख्यान में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। इस वर्ष व्याख्यान का मुख्य विषय ‘भारतीय ज्ञान परंपरा’ रखा गया था।

लोकजीवन और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ है हमारी शक्ति
डॉ. जोशी ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा का मूल स्रोत हमारा प्राचीन लोकजीवन और लोकसंस्कृति है। हमारी परंपरा ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ (पूरा विश्व एक परिवार है) और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ (सभी सुखी रहें) के दर्शन पर आधारित है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी सांस्कृतिक एकता को कमजोर करने की कोशिशें लगातार हो रही हैं, लेकिन भारतीय जनमानस की जिजीविषा और उसकी जड़ें इतनी मजबूत हैं कि ये प्रयास कभी सफल नहीं हो सकते।

विज्ञान और खगोल शास्त्र भी हैं परंपरा का हिस्सा
कार्यक्रम में विषय प्रवर्तन करते हुए छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा को सिर्फ आध्यात्मिक नजरिए से देखना अपर्याप्त होगा। हमारी विरासत में दर्शन और विज्ञान के साथ-साथ वेद, पुराण, खगोल शास्त्र तथा अन्य अनेक वैज्ञानिक परंपराएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पूरे देश में इस विषय पर व्यापक विमर्श चल रहा है, जिसे देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़कर ही सही अर्थों में समझा जा सकता है।

सांस्कृतिक एकता और जीवन दर्शन के सूत्र
अतिथि वक्ता एवं प्रख्यात लेखक-संपादक विनोद मिश्र ने कहा कि हमारी ज्ञान परंपरा बहुभाषिक, नैतिक और दार्शनिक चेतना की आधारभूमि है। इसमें भारत की सांस्कृतिक एकता और साहित्यिक विरासत के अहम सूत्र मौजूद हैं। प्रबुद्ध परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष अतुल नागले ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भिलाई जैसे औद्योगिक नगर में ऐसे वैचारिक और बौद्धिक आयोजनों की एक समृद्ध परंपरा रही है, जो हमारी राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करती है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात लोकगायिका रजनी रजक ने छत्तीसगढ़ का राज्यगीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरक पल वह रहा जब नयनदीप विद्यालय के दृष्टिबाधित छात्रों ने ‘वन्देमातरम’ की शानदार प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के डॉ. सुधीर लाल विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। संचालन रचना नायडू ने तथा आभार प्रदर्शन ग्रामोदय की सचिव सुमन कन्नौजे ने किया। इस वैचारिक महाकुंभ में पद्मश्री उषा बारले, एनपी दीक्षित, ई वी मुरली, राजेंद्र सोनबोईर, डॉ. सुनीता वर्मा, राजीव रंजन, विजय येचुरी, अजय सिंह, डॉ. हंसा शुक्ला सहित बड़ी संख्या में शहर के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।







































