BILASPUR NEWS. घर के दरवाजे पर पहुंचे दो युवकों ने पहले बर्तन चमकाकर महिलाओं का भरोसा जीता और फिर ऐसा पैंतरा चला कि कुछ ही मिनटों में घर के सोने के जेवर गायब हो गए। महिलाओं को जब तक ठगी का अहसास हुआ, बाइक सवार दोनों युवक गलियों से आंखों के सामने ही फरार हो चुके थे। मंगला के दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई इस वारदात में दो महिलाओं से सोने की चेन और बालियां समेत लाखों रुपये के जेवर ठग लिए गए। घटना के बाद पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए शातिर ठगों की तलाश में जुटी है।

बताया गया कि दो युवक बाइक से कॉलोनी में पहुंचे और घर-घर जाकर बर्तन व जेवर साफ करने की बात कहने लगे। इसी दौरान वे दो महिलाओं के घर पहुंचे। युवकों ने पहले स्टील के बर्तन साफ करके दिखाए। बर्तन चमकने के बाद महिलाओं को उनकी बात पर भरोसा हो गया।
इसके बाद युवकों ने सोने-चांदी के पुराने आभूषणों को विशेष पेस्ट और रसायन से साफ कर नया जैसा चमकाने का दावा किया। उनकी बातों में आकर महिलाओं ने अपनी सोने की चेन और बालियां साफ करने के लिए उन्हें दे दीं।

पानी-रसायन के खेल में कर गए हाथ साफ
आरोपियों ने एक बर्तन में पानी और रसायन डालकर जेवर साफ करने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान उन्होंने महिलाओं का ध्यान भटकाया और मौका पाकर जेवर लेकर वहां से निकल गए। कुछ देर बाद जब महिलाओं ने बर्तन खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। बर्तन से सोने के जेवर गायब थे और दोनों युवक मौके से फरार हो चुके थे।

दो तोले की चेन और 32 ग्राम की बालियां गायब
पीड़ित महिलाओं के मुताबिक, एक महिला की करीब दो तोले की सोने की चेन और करीब 32 ग्राम वजन की सोने की बालियां आरोपियों ने पार कर दीं। दूसरी महिला के जेवर भी ठग अपने साथ ले गए। महिलाओं ने शोर मचाते हुए आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बाइक सवार युवक संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और सीसीटीवी सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। एएसपी के अनुसार, आरोपियों की तलाश के लिए जिले में नाकेबंदी कराई गई है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं या नहीं। पीड़ित महिलाओं ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर लूटे गए आभूषण बरामद करने की मांग की है।





































