RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच चल रही बयानबाजी अब आमने-सामने की बहस तक पहुंचती नजर आ रही है। विजय शर्मा की ओर से बहस की चुनौती दिए जाने के बाद भूपेश बघेल ने भी इसे स्वीकार कर लिया है। बघेल ने कहा कि 15 सितंबर को समय दिया गया है, विजय शर्मा तैयारी करें, हम चर्चा के लिए आ जाएंगे।

दरअसल, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत और पूर्ण हुए आवासों के आंकड़ों को लेकर दोनों नेताओं के बीच पिछले कुछ समय से आरोप-प्रत्यारोप चल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर पीएम आवास के आंकड़ों को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया था।
विजय शर्मा ने दी थी बहस की चुनौती
उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने दावा किया था कि भाजपा सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया था। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में अब तक 11 लाख से अधिक पीएम आवास ग्रामीण पूरे किए जा चुके हैं।
विजय शर्मा ने भूपेश बघेल को चुनौती देते हुए कहा था कि वे इस मुद्दे पर किसी भी मंच पर बहस करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि पूर्व मुख्यमंत्री पीएम आवास को लेकर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।

भूपेश बघेल ने स्वीकार की चुनौती
अब भूपेश बघेल ने विजय शर्मा की चुनौती स्वीकार कर ली है। बघेल का कहना है कि उन्होंने ही बहस की चुनौती दी थी और अब 15 सितंबर का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि विजय शर्मा तैयारी करें, वे चर्चा के लिए पहुंचेंगे।

आंकड़ों पर बघेल ने उठाए सवाल
भूपेश बघेल ने पीएम आवास के आंकड़ों में अंतर का आरोप लगाते हुए कहा कि अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में 18 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत होने की बात कही गई है, जबकि संसद में अलग आंकड़े बताए गए हैं।
बघेल का कहना है कि प्रदेश में 11 लाख से अधिक आवास पहले ही बन चुके थे, जिनमें पिछली सरकारों के कार्यकाल में बने आवास भी शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में करीब 7 लाख आवास स्वीकृत कराए गए थे। साथ ही उन्होंने मौजूदा सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि उसके कार्यकाल में कितने आवास स्वीकृत हुए और उनमें से कितने पूरे किए गए।

अब सवाल यह है कि 15 सितंबर को क्या विजय शर्मा और भूपेश बघेल वास्तव में एक मंच पर आमने-सामने बैठकर पीएम आवास के आंकड़ों पर बहस करेंगे? दोनों नेताओं की चुनौती के बाद इस संभावित बहस को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।





































