JHANSI NEWS. उत्तर प्रदेश के झांसी में बुधवार शाम एक कारोबारी पर जानलेवा हमला हो गया। दुकान बंद कर घर लौट रहे 53 वर्षीय प्रशांत गुप्ता को बाइक सवार तीन बदमाशों ने रोकने की कोशिश की। जब उन्होंने स्कूटी नहीं रोकी तो बदमाशों ने पीछे से फायरिंग कर दी। गोली कारोबारी की कमर में पीठ की तरफ रीढ़ की हड्डी के पास लगी। गोली लगने के बाद भी प्रशांत ने हिम्मत नहीं हारी और खून बहने की हालत में स्कूटी दौड़ाते हुए अस्पताल पहुंच गए।

गोली लगने के बाद भी खुद चलाकर पहुंचे अस्पताल
घटना बुधवार शाम करीब 6:45 बजे सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के बूढ़ा पुल के पास हुई। प्रशांत दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहे थे। बताया गया कि रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। प्रशांत नहीं रुके तो बदमाशों ने पीछे से तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने के बावजूद उन्होंने स्कूटी नहीं रोकी और सीधे सरोज अस्पताल पहुंच गए।अस्पताल पहुंचकर उन्होंने गेट से ही दुकान के कर्मचारी को फोन किया। कर्मचारी के पहुंचने के कुछ ही देर बाद प्रशांत बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद परिवार को सूचना दी गई और उन्हें दूसरे निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया।

रीढ़ के पास लगी गोली, देर रात हुआ ऑपरेशन
गोली पीठ की तरफ रीढ़ की हड्डी के पास फंसी थी। सिटी स्कैन के बाद डॉक्टरों ने देर रात ऑपरेशन कर गोली निकाल दी। फिलहाल कारोबारी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।प्रशांत गुप्ता गल्ला मंडी में आढ़त का कारोबार करते हैं और मंडी रोड स्थित कैलाश रेजीडेंसी में रहते हैं। वह यूपी व्यापार मंडल के झांसी जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता के भतीजे बताए जा रहे हैं।

बैग में कैश समझकर हमला करने का शक
परिजनों ने बताया कि प्रशांत जिस समय घर लौट रहे थे, उस वक्त उनके पास एक बैग था। बैग में कैश नहीं बल्कि लैपटॉप था। परिवार को आशंका है कि बदमाशों ने बैग में पैसे होने की गलतफहमी में हमला किया होगा। परिजनों के मुताबिक, प्रशांत की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है। हालांकि, हमले की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए दो टीमें लगाई हैं। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बदमाश कौन थे और उन्होंने कारोबारी को किस वजह से निशाना बनाया। एसपी सिटी प्रीति सिंह के मुताबिक, गोली लगने के बाद घायल व्यापारी खुद अस्पताल पहुंचे थे। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।






































