JHANSI NEWS. उत्तर प्रदेश के झांसी में दिनदहाड़े एक 19 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। वारदात सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर की है। मृतका की पहचान चंचल के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि कमल रायक्वार नाम का युवक लंबे समय से चंचल को परेशान कर रहा था। आरोप है कि वारदात के दिन कमल पीछे की ओर से दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ और चंचल की कनपटी में गोली मार दी। घटना के समय युवती घर में अकेली थी। गोली मारने के बाद आरोपी वहां से निकल गया।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि रास्ते में आरोपी की मुलाकात चंचल के चाचा मोनू रायक्वार से हुई। आरोप है कि कमल ने उनसे कहा कि उसने उनकी भतीजी को गोली मार दी है और जाकर देख लें।चाचा को पहले उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ। लेकिन जब वह घर पहुंचे तो चंचल खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
दिसंबर में होनी थी चंचल की शादी
परिजनों के मुताबिक, चंचल की शादी दूसरी जगह तय हो चुकी थी। दिसंबर में उसकी शादी होनी थी और नवरात्रि के दौरान 12 तारीख को तिलक की रस्म होनी थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। बताया गया कि शादी के लिए मोटरसाइकिल भी खरीदी जा चुकी थी। चंचल के पिता सोनू ने आरोप लगाया कि कमल उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था। इसी वजह से परिवार ने चंचल को उसकी दादी के पास रखा था। परिजनों का कहना है कि आरोपी की हरकतों के कारण उसकी पढ़ाई तक छुड़वा दी गई थी। परिवार के मुताबिक, कई बार आरोपी को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने चंचल का पीछा नहीं छोड़ा।
चाचा ने सुनाई वारदात की पूरी कहानी
चंचल के चाचा मोनू ने बताया कि वह दोपहर करीब 12 से 1 बजे तक घर पर थे। इसके बाद वह किसी काम से बाहर चले गए। करीब दो-तीन घंटे बाद लौटते समय उन्हें फायरिंग जैसी आवाज सुनाई दी। उस समय उन्हें लगा कि शायद पटाखा चला है।
इसी दौरान उनकी नजर कमल पर पड़ी। मोनू के मुताबिक, आरोपी ने उनसे कहा कि वह उनकी भतीजी को गोली मारकर आया है और जाकर देख लें। चाचा ने पहले इसे मजाक समझा, लेकिन घर पहुंचने के बाद सामने का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। चंचल खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसा आरोपी
एसएसपी विकास कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पीछे की तरफ से दीवार के सहारे घर में दाखिल हुआ था। इसके बाद उसने युवती को गोली मारी और मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त युवती घर में अकेली थी और घर पर बाहर से ताला लगा हुआ था। मृतका के सिर में गोली लगी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आरोपी की तलाश में चार पुलिस टीमें गठित
पुलिस ने आरोपी कमल रायक्वार की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की कोशिश है। पुलिस इस मामले में हत्या के पीछे की वजह समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी और मृतका के बीच कथित संबंध, परिवार की ओर से लगाए गए आरोप और घटना से पहले की परिस्थितियों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
वारदात से पहले आरोपी का वीडियो हुआ वायरल
इस घटना के बीच आरोपी का बताया जा रहा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में युवक कथित तौर पर चंचल के साथ करीब चार साल से प्रेम संबंध होने का दावा करता नजर आ रहा है। वीडियो में वह दावा करता है कि दोनों के बीच बातचीत होती थी और वे लगातार संपर्क में थे। आरोपी के कथित बयान के अनुसार, करीब चार साल पहले उसके पिता को इस रिश्ते की जानकारी हुई थी, जिसके बाद चंचल को पीटे जाने और उसकी पढ़ाई छुड़ाए जाने का दावा किया गया।
वीडियो में युवक यह भी दावा करता है कि चंचल की शादी दूसरी जगह तय किए जाने के बाद उसने शादी का विरोध किया था। साथ ही उसने खुद को धमकियां मिलने की बात भी कही।हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए इन दावों की पुलिस की ओर से स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए वीडियो में कही गई बातों को फिलहाल आरोपी के दावे के तौर पर ही देखा जा रहा है।
शादी से पहले उजड़ गया परिवार का सपना
जिस घर में कुछ समय बाद शादी की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा है। परिवार ने चंचल की शादी के लिए तैयारियां शुरू कर दी थीं और तिलक की रस्म की तैयारी भी पूरी होने वाली थी। लेकिन इससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई।फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। घटना की असली वजह और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।





































