JOB NEWS. भारतीय डाक विभाग ने स्टाफ कार ड्राइवर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती मेल मोटर सर्विस, बेंगलुरु के तहत की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया ऑफलाइन माध्यम से होगी और इच्छुक पात्र उम्मीदवार अधिसूचना जारी होने की तिथि से 60 दिनों के भीतर आवेदन भेज सकेंगे। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 11 पद भरे जाएंगे। इनमें 10 पद मेल मोटर सर्विस, बेंगलुरु और 1 पद मैसूर सब डिपो के लिए निर्धारित किया गया है। नियुक्ति डेप्युटेशन/एब्जॉर्प्शन के आधार पर की जाएगी।

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना आवश्यक है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास हल्के (LMV) और भारी (HMV) मोटर वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, कम से कम 3 वर्ष का ड्राइविंग अनुभव तथा वाहन की मरम्मत और रखरखाव का व्यावहारिक ज्ञान होना चाहिए। हालांकि यह भर्ती सिर्फ केंद्र सरकार के कार्यरत कर्मचारियों के लिए है।

सबसे पहले डाक विभाग के पात्र डिस्पैच राइडर और मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि विभाग में योग्य उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होते हैं, तो अन्य केंद्रीय सरकारी विभागों के पात्र कर्मचारियों पर भी विचार किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि तक उम्मीदवार की अधिकतम आयु 56 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके अलावा ऐसे सशस्त्र बलों के कर्मचारी, जो एक वर्ष के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले हैं या रिजर्व में स्थानांतरित किए जाने वाले हैं, वे भी निर्धारित पात्रता पूरी होने पर आवेदन कर सकते हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के पे-लेवल-2 के तहत नियुक्त किया जाएगा। इस पद पर ₹19,900 से ₹63,200 प्रतिमाह तक मूल वेतन मिलेगा। इसके अलावा केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता, एचआरए और अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा।

ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आवेदन पत्र भरने के बाद उसके साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आयु प्रमाणपत्र, सेवा संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक प्रमाणपत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करनी होंगी। पूरी तरह भरा हुआ आवेदन पत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर मैनेजर, मेल मोटर सर्विस, बेंगलुरु – 560001 के पते पर भेजना होगा। इस भर्ती में केवल ऑफलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।





































