UPSSSC RECRUITMENT 2026. उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी तथा व्यायाम प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा 2026 के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है। इस भर्ती के तहत कुल 412 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और अभ्यर्थी 6 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
यह भर्ती उन अभ्यर्थियों के लिए है, जिन्होंने UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी PET-2025 में हिस्सा लेकर निर्धारित स्कोर हासिल किया है। PET-2025 के स्कोर के आधार पर ही उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। ऐसे में संबंधित अभ्यर्थियों को आवेदन की तारीख का विशेष ध्यान रखना होगा।
किन पदों पर होगी भर्ती?
भर्ती प्रक्रिया के तहत क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी और व्यायाम प्रशिक्षक के पद शामिल हैं। क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। वहीं व्यायाम प्रशिक्षक पद के लिए भी स्नातक डिग्री के साथ मान्यता प्राप्त संस्थान से डीपीएड, बीपीएड या सरकार द्वारा मान्य समकक्ष योग्यता जरूरी है। उम्मीदवार की उम्र 1 जुलाई को कम से कम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

412 पदों के लिए कब से कर सकेंगे आवेदन?
UPSSSC के विज्ञापन संख्या 23 परीक्षा 2026 के अनुसार ऑनलाइन आवेदन 16 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 6 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये रखा गया है। भर्ती से जुड़ी प्रमुख जानकारी: 412 पदों पर भर्ती, आवेदन 16 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक, वेतनमान लेवल-05 के तहत 29,200 से 92,300 रुपये तक और चयन प्रक्रिया में मुख्य लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक माप परीक्षण व शारीरिक पात्रता परीक्षा शामिल होगी।
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन मुख्य परीक्षा और शारीरिक परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। शारीरिक माप परीक्षण में उम्मीदवारों की लंबाई और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने की माप निर्धारित मानकों के अनुसार की जाएगी। इसके बाद शारीरिक पात्रता परीक्षा में दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।इसके अलावा भारतीय व्यायाम और जिम्नास्टिक से संबंधित परीक्षण भी लिया जाएगा। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले अभ्यर्थी ही आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।

मुख्य लिखित परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और परीक्षा के लिए 2 घंटे का समय दिया जाएगा। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा, जबकि गलत उत्तर पर 25 प्रतिशत की निगेटिव मार्किंग लागू होगी। परीक्षा में भारतीय इतिहास एवं राष्ट्रीय आंदोलन, भारतीय संविधान एवं राजव्यवस्था, भूगोल, अर्थव्यवस्था एवं सामाजिक विकास, सड़क सुरक्षा, समसामयिक घटनाएं, खेल, मानव शरीर रचना विज्ञान, पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन, डाटा इंटरप्रिटेशन और कंप्यूटर जैसे विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें और अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा तथा PET-2025 स्कोर से संबंधित सभी पात्रता शर्तों की जांच कर लें। भर्ती से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।





































