RAIPUR NEWS. नागपुर की रहने वाली एक महिला कारोबारी ने अपने भाई और भाभी पर 1.25 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए कारोबार से बाहर करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच के बाद दोनों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, नागपुर निवासी शिवांगी गर्ग (43) रायपुर में भी व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। उनके भाई शुभम सिंघल और भाभी जया सिंघल ‘अधिराज सीमेंट’ और ‘अधिराज ट्रेडलिंक’ नाम से कारोबार संचालित करते हैं।

शिवांगी का आरोप है कि दोनों ने कारोबार में निवेश करने पर बेहतर मुनाफे का भरोसा दिलाया, जिसके बाद उन्होंने अलग-अलग समय पर बड़ी रकम निवेश की।शिकायत में कहा गया है कि शुरुआती दौर में निवेश पर लाभांश दिया गया, लेकिन बाद में मुनाफा देना बंद कर दिया गया। जनवरी में हुई एक बैठक के दौरान शुभम सिंघल ने कथित रूप से 1.25 करोड़ रुपए लौटाने का आश्वासन भी दिया था।

इसके बाद शिवांगी ने रजिस्ट्रार ऑफ फर्म्स (RoF) से संबंधित दस्तावेज प्राप्त किए। दस्तावेजों की जांच के दौरान उन्हें पता चला कि दोनों फर्मों से उन्हें सेवानिवृत्त (रिटायर) दिखाने के लिए कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर नई पार्टनरशिप डीड तैयार की गई है। उनका आरोप है कि इसी दस्तावेज के जरिए उन्हें दोनों कंपनियों की साझेदारी से बाहर कर दिया गया।

पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद शुभम सिंघल और जया सिंघल के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अब मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दस्तावेजों की वैधानिक जांच भी कराई जाएगी।






































