JHANSI NEWS. उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बबीना कस्बे में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद नवविवाहिता की मौत हो गई, जबकि पति की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बबीना थाना क्षेत्र के गणेश मंदिर के पास रहने वाले हरीशंकर साहू के बेटे सागर साहू की शादी 25 नवंबर 2025 को लखनऊ निवासी राधा राठौर से हुई थी। सोमवार देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

परिजनों के मुताबिक, विवाद के बाद सागर की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबीना ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिवार के सदस्य उन्हें लेकर झांसी जा रहे थे, तभी घर से सूचना मिली कि राधा की मौत हो गई है।

सूचना मिलते ही परिजन वापस लौटे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि शादी को अभी सात वर्ष पूरे नहीं हुए हैं। ऐसे मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेटी जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सागर साहू का झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।





































