RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती 2026 के तहत दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षक भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया है। इसके तहत विभिन्न विषयों के शिक्षक पदों के लिए पात्र दिव्यांगता की श्रेणियों का विस्तार किया गया है। इससे पहले निर्धारित पात्रता के दायरे से बाहर रह गए कुछ दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर मिल सकेगा। यह संशोधन हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान, गणित और कृषि विषयों के शिक्षक पदों से संबंधित है।

नए पात्र अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) अलग से घोषित करेगा। लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, यह संशोधन छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में दायर याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026 (मीनाक्षी मंगलेकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य) में 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के अनुपालन में किया गया है। इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय स्कूलों में ई-संवर्ग और टी-संवर्ग के शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए 7 अगस्त 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था। अब संशोधित प्रावधानों के अनुसार पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया जाएगा।

शुद्धि पत्र के अनुसार, समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के आधार पर विभिन्न विषयों में पात्र दिव्यांगता की श्रेणियों में बदलाव किया गया है। हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान: इन विषयों के शिक्षक पदों के लिए पूर्ण दृष्टिबाधिता (Blind) और सेरेब्रल पाल्सी को पात्र दिव्यांगता की श्रेणियों में शामिल किया गया है। गणित विषय के शिक्षक पदों के लिए सेरेब्रल पाल्सी और कुष्ठ रोग से उपचारित दिव्यांगता को शामिल किया गया है। कृषि विषय के शिक्षक पदों के लिए सेरेब्रल पाल्सी को पात्र श्रेणी में शामिल किया गया है।

ई और टी संवर्ग में कुल 1654 पद
संशोधित विज्ञापन के अनुसार, शिक्षक भर्ती में ई-संवर्ग के 868 और टी-संवर्ग के 786 पद शामिल हैं। दोनों संवर्गों को मिलाकर कुल 1654 पदों का विषयवार विवरण इस प्रकार है।
ई-संवर्ग: 868 पद
विषय पदों की संख्या
हिंदी 109
संस्कृत 150
अंग्रेजी 319
गणित 135
सामाजिक विज्ञान 150
कृषि 5
कुल 868
टी-संवर्ग: 786 पद
विषय पदों की संख्या
हिंदी 141
संस्कृत 150
अंग्रेजी 185
गणित 115
सामाजिक विज्ञान 100
कृषि 95
कुल 786

आवेदन की नई तारीख का इंतजार
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि संशोधन के दायरे में आने वाले नए दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख व्यापमं द्वारा अलग से घोषित की जाएगी। इसलिए पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन संबंधी आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा। शुद्धि पत्र में संशोधित प्रावधानों के अलावा 7 अगस्त 2026 को जारी मूल विज्ञापन की अन्य सभी शर्तों और कंडिकाओं को यथावत रखा गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संशोधित विज्ञापन में अपनी दिव्यांगता श्रेणी और संबंधित विषय के लिए निर्धारित पात्रता की जांच कर लेनी चाहिए।



































