RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बस स्टैंड पर खड़ी एक बस के अंदर कंडक्टर का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वसीम मोहम्मद (42 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

आरबीएस बस में कंडक्टर था वसीम
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वसीम मोहम्मद आरबीएस बस में कंडक्टर के रूप में काम करता था। बस का पंजीयन क्रमांक CG 07 CW 9712 बताया गया है। बस के अंदर उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। मृतक वसीम मोहम्मद मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम बरवैली का निवासी था। उसके पिता का नाम मोहम्मद हनीफ बताया गया है।

मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं
वसीम रायपुर में कब से काम कर रहा था और घटना के समय बस के अंदर क्या परिस्थितियां थीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई और जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।




































