RAIPUR NEWS. संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समाज के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने माघ पूर्णिमा पर पूरे प्रदेश में सरकारी अवकाश घोषित करने, इस दिन शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, संत गुरु रविदास के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार शुरू करने तथा नवा रायपुर के एक प्रमुख चौक का नाम उनके नाम पर रखने का ऐलान किया।

राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान के शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास के समता, सामाजिक न्याय और मानवता के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रत्येक वर्ष माघ पूर्णिमा के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में सरकारी अवकाश रहेगा और प्रदेशभर में मदिरा बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार संत गुरु रविदास के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार शुरू करेगी, जिससे उनके सामाजिक योगदान और आदर्शों को सम्मानित किया जा सके।

उन्होंने नवा रायपुर के एक प्रमुख चौक का नाम संत गुरु रविदास चौक रखने की घोषणा करते हुए विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह करने की बात भी कही कि संत रविदास के प्रेरणादायी संदेशों को छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में अंकित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के तहत शुरू हुआ यह अभियान फरवरी 2027 तक पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य संत रविदास के समता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।






































