JOB NEWS. हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही महिला नर्सिंग अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA), हमीरपुर ने चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 312 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इच्छुक उम्मीदवार 30 जुलाई 2026 सुबह 10 बजे से 29 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। इस भर्ती के लिए केवल महिला उम्मीदवार पात्र होंगी।

अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ बीएससी नर्सिंग (B.Sc Nursing) या जीएनएम (GNM) की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश नर्स रजिस्ट्रेशन काउंसिल (HPNRC), शिमला में पंजीकरण अनिवार्य है। आयोग के अनुसार उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश की बोनाफाइड निवासी होनी चाहिए। यदि कोई अभ्यर्थी बोनाफाइड नहीं है, तो उसके लिए हिमाचल प्रदेश के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी होगा।

आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। राज्य सरकार के नियमों के अनुसार एससी, एसटी, ओबीसी, दिव्यांग और अन्य पात्र आरक्षित वर्गों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया के पहले चरण में सीबीटी (CBT) या ओएमआर (OMR) आधारित स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।

चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति 5 वर्ष के एंगेजमेंट आधार पर की जाएगी। चयन होने पर अभ्यर्थियों को 25,000 रुपये प्रतिमाह का निश्चित मानदेय दिया जाएगा। सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 800 रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें 100 रुपये परीक्षा शुल्क और 700 रुपये प्रोसेसिंग फीस शामिल है। आवेदन में संशोधन के लिए करेक्शन विंडो के दौरान 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

ऐसे करें आवेदन
- HPRCA के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
- वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करें।
- लॉगिन कर असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती का आवेदन पत्र भरें।
- आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क जमा करें।
- सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें।






































