KOTA NEWS. कोटा थाना क्षेत्र में राहगीर को इमरजेंसी कॉल करने के बहाने रोककर मोबाइल झपटने और उसकी बाइक को लात मारकर गिराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटा गया नथिंग कंपनी का मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम जोगीपुर निवासी योगेश यादव (19) ने 24 जुलाई को थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 23 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी अमित बिरको के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सूरजपुर पुल के पास स्पलेंडर बाइक सवार कुछ युवकों ने इमरजेंसी कॉल करने का बहाना बनाकर उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने मौका पाकर योगेश का मोबाइल झपट लिया। इसके बाद उसकी मोटरसाइकिल को लात मारकर गिराया और सभी मौके से फरार हो गए। शिकायत पर कोटा पुलिस ने धारा 304(1), 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

हुलिए और मुखबिर की सूचना से पुलिस पहुंची आरोपियों तक
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रजनीश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज ने विशेष टीम गठित की।

पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना और प्रार्थी द्वारा बताए गए आरोपियों के हुलिए के आधार पर राकेश पोर्ते, दिव्यांशु कोल और तुषार साहू को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। सघन पूछताछ में तीनों ने अपने अन्य साथियों अभय यादव, सुरेश पोर्ते और राहुल पोर्ते के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपी राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते के कब्जे से नथिंग कंपनी का काला मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जब्त की है।

ये छह आरोपी गिरफ्तार
- राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते (19), निवासी खरगना, थाना कोटा
- दिव्यांशु उर्फ कोल (20), निवासी डोंगरिपारा, कोटा
- तुषार साहू (25), निवासी डोंगरिपारा, कोटा
- अभय उर्फ कृष्ण यादव (19), निवासी डोंगरिपारा, कोटा
- सुरेश पोर्ते (18 वर्ष 11 माह), निवासी पीपरपारा, थाना कोटा
- राहुल उर्फ भोला पोर्ते (19), निवासी पीपरपारा, थाना कोटा
पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।






































