BILASPUR NEWS. शासकीय रेलवे कैंटीन में नौकरी लगवाने का सपना दिखाकर रकम लेने और पैसे वापस मांगने पर कथित तौर पर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मस्तूरी थाना क्षेत्र में इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान 22 वर्षीय युवक राहुल साहू ने आत्महत्या कर ली थी। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने मामले में उसके मामा-मामी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक हिरी निवासी राहुल साहू ने अपने रिश्तेदार इन्द्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी (44) और उसकी पत्नी अंबिका वैष्णव (35), निवासी लिमतरा पहरीपारा, पर भरोसा किया था। आरोप है कि दोनों ने राहुल को शासकीय रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे रकम ली थी। नौकरी नहीं मिलने पर राहुल लगातार अपनी रकम वापस मांग रहा था।

पैसे मांगने पहुंचा तो मिली केस में फंसाने की धमकी
बताया गया कि 9 मार्च 2026 को राहुल अपनी रकम वापस मांगने आरोपियों के पास गया था। आरोप है कि इसी दौरान उसकी मामी ने उसे बार-बार पैसे मांगने आने पर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार इसके बाद राहुल मानसिक रूप से परेशान हो गया और उसी दिन आत्महत्या कर ली।

मर्ग जांच में सामने आई प्रताड़ना, दर्ज हुआ अपराध
युवक की मौत के बाद मस्तूरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक के माता-पिता, बहन के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को कथित तौर पर नौकरी के नाम पर रकम लेने और मानसिक प्रताड़ना दिए जाने के तथ्य मिले। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 490/2026 के तहत बीएनएस की धारा 108 और 3(5) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया।

पूछताछ के बाद दोनों गिरफ्तार, जेल भेजे गए
विवेचना के दौरान मस्तूरी पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को 26 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया। सोमवार को न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।






































