LALITPUR NEWS : ललितपुर: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति की कथित प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसे में महिला और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

दो बच्चों को गोद में लेकर ट्रेन के सामने कूदी
घटना सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे धौर्रा रेलवे स्टेशन के पास रणछोड़ रेलवे क्रॉसिंग के समीप हुई। मृतका की पहचान दीपा यादव (35) के रूप में हुई है। वह अपने चार वर्षीय बेटी शुभांगी और दो वर्षीय बेटे कृष को साथ लेकर रेलवे ट्रैक पहुंची और भोपाल की ओर जा रही ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों के शव क्षत-विक्षत हो गए।

बड़ी बेटी स्कूल में थी, इसलिए बच गई
दीपा के परिवार में अब उसका पति विक्की यादव और पांच वर्षीय बेटी शिवांगी बची है। घटना के समय शिवांगी स्कूल गई हुई थी, इसलिए उसकी जान बच गई।

2020 में हुई थी शादी, मायके में ही रह रहे थे
पुलिस के अनुसार, दीपा की शादी वर्ष 2020 में चंदेरा निवासी विक्की यादव से हुई थी। विक्की मिठाई बनाने का काम करता है। दीपा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी, इसलिए शादी के बाद भी पति के साथ मायके में ही रह रही थी।

शराब के नशे में पति करता था मारपीट
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विक्की शराब का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और दीपा के साथ मारपीट की। इसी घटना के बाद महिला मानसिक रूप से परेशान थी।

पति को हिरासत में लेकर पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतका के पति विक्की यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस क्या बोली?
सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति द्वारा शराब के नशे में मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। इसी वजह से महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका है। मामले की जांच जारी है।





































