NEW DELHI NEWS. नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली में बड़ा राजनीतिक प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री आवास (7 लोक कल्याण मार्ग) के निकट हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में अचानक धरने पर बैठ गए। इस अप्रत्याशित प्रदर्शन से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नीट पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने गृह मंत्री के खिलाफ भी नारे लगाए।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री आवास के पास प्रस्तावित इस प्रदर्शन को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। राहुल गांधी और अन्य नेता पीएम आवास से करीब 100 मीटर की दूरी तक पहुंच गए, जिसके बाद ही मीडिया और सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी मिली।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने मौके पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया और प्रदर्शन को समाप्त कराने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई सांसदों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

उधर, जंतर-मंतर पर भी हजारों छात्र और कांग्रेस समर्थक नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और सरकार इस मामले में जवाबदेही से बच रही है। वहीं, पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर स्थिति पर नजर बनाए रखी है।






































