RAIPUR NEWS.अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद के मार्गदर्शन में चल रहे पुनर्विकास कार्यों का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। स्टेशनों को पर्यावरण-अनुकूल तकनीक और आधुनिक डिजाइन के साथ विकसित किया जा रहा है, जिससे उनकी सुंदरता, स्वच्छता और यात्री सेवाओं के स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।

रेलवे के अनुसार, पुनर्विकास कार्यों को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि बढ़ते रेल यातायात के अनुरूप यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। स्टेशन परिसरों में स्थानीय कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। रेलवे का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद सरोना और बालोद स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर यात्रियों को पहले से अधिक सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेंगे।

यात्रियों को मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं
स्टेशन पर आकर्षक और भव्य प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों की आवाजाही आसान होगी।
चौड़े फुटओवर ब्रिज को एयर कॉन्कोर्स के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे प्लेटफॉर्म बदलना अधिक सुविधाजनक होगा।
बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था की जा रही है।
धूप और बारिश से बचाव के लिए प्लेटफॉर्म पर बड़े कवर शेड लगाए जा रहे हैं।
ट्रेनों और कोच की सटीक जानकारी देने के लिए कोच गाइडेंस डिस्प्ले सिस्टम स्थापित किया जा रहा है।
स्टेशन परिसर में आधुनिक डिस्प्ले बोर्ड और दिशा-निर्देश साइनेज लगाए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी हो।

दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम
रेलवे ने दिव्यांग यात्रियों की जरूरतों को भी प्राथमिकता दी है। स्टेशनों पर रैंप, आरक्षित पार्किंग, लो-हाइट टिकट काउंटर, विशेष शौचालय, लो-हाइट पेयजल बूथ और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा, कोच गाइडेंस सिस्टम, साइनेज और टैक्टाइल गाइड जैसी व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं, जिससे दिव्यांग यात्रियों को स्टेशन पर आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सौंदर्यीकरण और सुरक्षा पर विशेष जोर
पुनर्विकास के तहत स्टेशनों में स्थानीय कला-संस्कृति पर आधारित चित्रकारी, गार्डन, आधुनिक प्रतीक्षालय, सुव्यवस्थित पार्किंग, चौड़ी सड़कें, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आकर्षक साइनेज विकसित किए जा रहे हैं। वहीं यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और आपातकालीन सेवाओं की बेहतर व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।






































