BALOD NEWS. बालोद जिले की डौंडी नगर पंचायत में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सफाई कर्मचारी ने अपने दो साथी कर्मचारियों पर धारदार टंगिया से हमला कर दिया। हमले में रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद डौंडी पुलिस ने आरोपी सफाई कर्मचारी गिरवर देहारी को गिरफ्तार कर लिया।

सब्जी मार्केट में सफाई के दौरान हमला
मिली जानकारी के अनुसार, रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य डौंडी के सब्जी मार्केट क्षेत्र में सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत और ट्रैक्टर चलाने वाले गिरवर देहारी के हाथ में धारदार टंगिया लेकर वहां पहुंचने की बात सामने आई है। आरोप है कि उसने दोनों कर्मचारियों पर टंगिया से हमला कर दिया।
हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

हमले से पहले उपाध्यक्ष से पूछा था- आज बकरा खाएंगे क्या?
डौंडी नगर पंचायत के उपाध्यक्ष संजीव कुमार मानकर के मुताबिक, घटना से कुछ देर पहले आरोपी गिरवर उनके पास आया था। उसने उनसे पूछा था, “साहब, आज बकरा खाएंगे क्या?”
उपाध्यक्ष ने शनिवार होने का हवाला देते हुए बकरा खाने से इनकार किया और उससे पूछा कि बकरा कहां कट रहा है। इस पर गिरवर ने कथित तौर पर बताया कि वह आज दो बकरे काट रहा है। इसके कुछ ही देर बाद उसने दोनों सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गिरवर देहारी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजहरा नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटलेय ने बताया कि डौंडी नगर में एक सफाई कर्मचारी ने दो अन्य सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस आरोपी द्वारा घटना से पहले बकरा काटने की कही गई बात और उसके बाद हुए हमले के बीच संबंध की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, गवाहों के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।





































