बिलासपुर। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित एशिया-पैसिफिक अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी प्रियांक मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कांस्य पदक जीत लिया है। उन्होंने क्लासिक (Unequipped) पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के 93 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 525 किलोग्राम वजन उठाकर यह उपलब्धि हासिल की।


यह प्रतियोगिता 4 से 12 जुलाई 2026 तक दक्षिण अफ्रीका में आयोजित की जा रही है। इससे पहले प्रियांक मिश्रा ने 7 जुलाई को इसी चैंपियनशिप की इक्विप्ड कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। वहीं, क्लासिक स्पर्धा में इस बार उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

यह प्रियांक मिश्रा के करियर की पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता थी, जिसमें उन्होंने पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है।

कोच और सहयोगियों का जताया आभार
अपनी सफलता पर प्रियांक मिश्रा ने अपने कोच आसिफ अली और भारतीय टीम के कोच कृष्णा साहू का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की बदौलत ही वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने में सफल हुए।

इसके अलावा उन्होंने अभ्यास के दौरान सहयोग करने वाले साथी खिलाड़ियों, पावरलिफ्टिंग इंडिया के अध्यक्ष सतीश कुमार कुदरीली, महासचिव पी.जे. जोसेफ (अर्जुन अवॉर्डी) तथा छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रियांक ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आर्थिक सहयोग देने वाले बिलासपुर के सहयोगियों और छत्तीसगढ़ शासन का भी आभार व्यक्त किया।

अब अमान शुक्ला पर निगाहें
चैंपियनशिप के अंतिम दिन 12 जुलाई को छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अमान शुक्ला 120 किलोग्राम भार वर्ग की क्लासिक पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में भारतीय टीम की ओर से चुनौती पेश करेंगे। उनसे भी पदक जीतने की उम्मीद जताई जा रही है।





































