RAIPUR NEWS. राजधानी में ऑनलाइन नौकरी की तलाश कर रही एक छात्रा साइबर ठगों के जाल में फंस गई। बायजूज में ट्यूटर की नौकरी और कंपनी की ओर से मुफ्त लैपटॉप देने का झांसा देकर ठगों ने उससे 44,676 रुपए ऐंठ लिए। जब लगातार नई-नई वजह बताकर और पैसे जमा कराने का दबाव बनाया गया, तब छात्रा को ठगी का एहसास हुआ। शिकायत मिलने के बाद पंडरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मोवा स्थित अनंत विहार कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय जैनिशा भागवानी, जो बीबीए-एलएलबी की छात्रा है, ने ऑनलाइन ट्यूटर पद के लिए आवेदन किया था। कुछ समय बाद खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले लोगों ने फोन कर उसे चयनित होने की जानकारी दी। आरोपियों ने दावा किया कि कंपनी पढ़ाई के लिए निशुल्क लैपटॉप उपलब्ध कराएगी, लेकिन पहले प्रोसेसिंग शुल्क जमा करना होगा, जिसे बाद में वापस कर दिया जाएगा।

भरोसा दिलाने पर छात्रा ने सबसे पहले 9,607 रुपए जमा कर दिए। इसके बाद साइबर ठगों ने कभी भुगतान में तकनीकी त्रुटि, कभी रिफंड जारी करने के लिए एनओसी और कभी अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर अलग-अलग किश्तों में रकम जमा करवाई। इस तरह कुल 44,676 रुपए उनके खातों में ट्रांसफर करा लिए गए।

ठगी का सिलसिला यहीं नहीं रुका। आरोपियों ने एक बार फिर 11,919 रुपए जमा करने की मांग की। बार-बार पैसे मांगने पर छात्रा को संदेह हुआ और उसने भुगतान करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने पंडरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अपराध दर्ज कर साइबर ठगों की पहचान, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।






































